रोहतक। गाड़ियां किराये पर लेकर भुगतान नहीं करने और वापस लौटाने से इनकार करने के आरोप में कलानौर थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गांव बसाना निवासी हरीश ने एफआईआर में बताया कि वह गाड़ियां खरीदने-बेचने का काम करता है। वर्ष 2024 में बागपत निवासी प्रियाशु उसके संपर्क में आया। बाद में प्रियाशु ने साथियों शाहरुख और अंकित के साथ मिलकर गाड़ियां किराये पर लेने की बात की। हरीश के अनुसार, उसने छह गाड़ियां किराये पर दी थीं, लेकिन दो महीने बाद भी आरोपियों ने किराया नहीं दिया। गाड़ियां वापस मांगने पर इन्कार कर दिया और जीपीएस सिस्टम भी बंद कर दिए। हरीश ने आरोप लगाया कि 30 सितंबर को उसे बड़ौत बुलाकर जान से मारने की धमकी दी गई। उसने एक अन्य व्यक्ति पर फर्जी आरसी और नंबर प्लेट बनवाने में मदद करने का आरोप भी लगाया है। कलानौर थाना प्रभारी रविंद्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
सांपला में दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी
रोहतक। सांपला में गिझी रोड स्थित बंद फाटक के पास अज्ञात चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़कर नकदी, सामान और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। सोनीपत के गांव रिढाऊ निवासी कपिल की किराना दुकान और खेड़ी सांपला निवासी दिनेश की भीमेश्वरी भोजनालय एवं किराना स्टोर को निशाना बनाया गया। शिकायत के अनुसार, दोनों दुकानदार मंगलवार रात दुकानें बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे पहुंचने पर ताले टूटे मिले। कपिल की दुकान से बीड़ी, सिगरेट, घी, कोल्ड ड्रिंक और 2,635 रुपये चोरी हुए। दिनेश की दुकान से मोबाइल, दो चार्जर, बीड़ी, सिगरेट, 1,300 रुपये नकदी और 2,700 रुपये वाले पर्स सहित दस्तावेज चोरी हुए। थाना प्रभारी महेंद्र ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। संवाद
चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार
रोहतक। पुलिस ने छोटूराम नगर में मकान से आभूषण चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरीशुदा सामान भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस प्रवक्ता मनीष ने बताया कि छोटूराम नगर निवासी सौरभ की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शिकायत के अनुसार, 25 जून को सौरभ निजी काम से बाहर गया था। दोपहर करीब 12 बजे घर लौटने पर कमरे का ताला टूटा मिला और गोदरेज अलमारी से आभूषण गायब मिले। पुलिस ने माजरा बोहर निवासी जितेंद्र तिलक नगर निवासी सुनील को गिरफ्तार किया है।संवाद
जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
रोहतक। सांपला के कृष्णा विहार कॉलोनी में मोहित पर गोली और फरसे से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को झज्जर जिले के छपार गांव निवासी राहुल शीतल नगर निवासी भूपेश को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया है। पुलिस प्रवक्ता मनीष के अनुसार, 21 अक्टूबर को बहादुरगढ़ निवासी अजय ने शिकायत दी थी कि उसका बेटा मोहित अपने दोस्तों के साथ सांपला में सूरजप्रकाश के मकान पर बैठा था। इसी दौरान युवकों ने उस पर हमला कर दिया। जांच में सामने आया कि राहुल ने अपनी कार मोहित के पास चंडीगढ़ में किराये पर लगाई थी। राहुल मोहित से 35 हजार रुपये किराया मांग रहा था और फोन पर धमकियां भी दे रहा था। संवाद