रोहतक। मदीना के पास किलाजफरगढ़ जींद के युवक पर जानलेवा हमला कर 38 हजार रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। इससे पूछताछ की जा रही है।
थाना बहुअकबरपुर प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि किलाजफरगढ़ निवासी सूरज ने शिकायत दी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह खरक जाटान निवासी अपने दोस्त मंजीत के साथ मिलकर पटौदी रोड पर केएमपी के पास ढाबा किया हुआ है। वह दो सितंबर को अपने दोस्त के साथ पिकअप से जुलाना से ढाबे के लिए सामान लेकर पैटोदी जा रहे था। सूरज अपने दोस्त के साथ बैंसी के पास पहुंचा तो अज्ञात युवक ने गाड़ी रुकवाने की कोशिश की। बैंसी से मदीना जाते समय उनका पीछा कर रही गाड़ी में सवार लोगों ने उन्हें रुकवा लिया। मदीना के पास गाड़ी रुकते ही पीछा करने वालों ने सूरज पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। चाकू भी घोंप पर उसे घायल कर दिया और जेब से 38 हजार रुपये व पर्स छीनकर फरार हो गये। एएसआई अमित ने मामले की छानबीन करते हुए आरोपी सोनीपत के भावाड़ निवासी प्रदीप को गिरफ्तार किया। वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।