इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे खिलाड़ियों के समर्थन में कहा है कि अब खिलाड़ियों की मदद के लिए प्रदेश को एकजुट होना होगा। इसके लिए सर्व खाप, सामाजिक संगठनों को सर्वदलीय बैठक कर एक्शन लेने की जरूरत है। धरने पर बैठे खिलाड़ियों के साथ पुलिस ने जिस तरह अभद्र व्यवहार किया है वह गलत है। सरकार बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है और आरोपी के साथ खड़ी है। इस पर अब प्रदेश को मिलकर एक्शन लेना चाहिए। यदि यही हाल रहा तो अपनी बेटियों को कोई खेलने नहीं भेजेगा।
भाजपा उन्हें बदनाम भी करती
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने वीरवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में सार्वजनिक बैठक नहीं होती तो वह अपने स्तर पर सभी को आमंत्रित करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बृजभूषण यदि दूसरी पार्टी के होते तो भाजपा उन्हें बदनाम भी करती और कड़ा एक्शन भी लेती। जंतर-मंतर ऐसे लोगों के लिए ही है जिनके साथ गलत होता है, वह यहां आकर अपनी बात रख सकते हैं।
पुलिस ने गलत व्यवहार किया
लेकिन यहां धरने पर बैठे खिलाड़ियों के साथ पुलिस ने गलत व्यवहार किया। नेताओं का इनके बीच जा कर सिर्फ फोटो खिचवाना काफी नहीं है। उन्होने बृजभूषण पर कहा कि यदि वह सही हैं तो कोर्ट जाएं और अपनी सत्यता को साबित करें। वह प्रेस के माध्यम से जो सफाई दे रहे हैं वह गलत है। वह स्वयं 12 साल बॉक्सिंग के अध्यक्ष रहे हैं और लोग मेरे साथ खड़े रहे। इसमें भाजपा व कांग्रेस ने मुझे हटवाने का पूरा प्रयास किया लेकिन नाकामयाब रहे।