एक रात में चोरों ने पांच घरों को बनाया निशाना
चरखी दादरी। गांव सरूपगढ़ में शनिवार रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने पांच मकानों में से लाखों की नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार सुबह मामले की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मकानों का निरीक्षण किया।
पुलिस को दी शिकायत में सरूपगढ़ निवासी रामपाल ने बताया कि उसके घर के कमरे का ताला तोड़ चोर रात के समय करीब 30 हजार रुपये की नकदी व कुछ गहने चुरा ले गए। सुबह उठकर उसने देखा तो सामान फैला पड़ा था। रामकरण ने बताया कि चोरों ने उसके मकान से करीब तीन लाख रुपये की नकदी व कुछ जेवरात चोरी कर ले गए। मैंने यह पैसे अपने बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाने के लिए रखी हुई थी। तीसरे पीड़ित ईश्वर सिंह ने बताया कि चोर उसके मकान का ताला तोेड़ अंदर दाखिल में होने में तो कामयाब हुए लेकिन दूसरे कमरे में रखे नकदी व गहनों को चुराने में कामयाब नहीं हो पाए। इसी तरह मकान मालिक महाबीर सिंह ने बताया कि उसके मकान से चोर करीब एक लाख रुपये की नकदी व गहने चुरा ले गए हैं। पांचवें पीड़ित अनिल कुमार ने पुलिस को भी कुछ गहने चोरी होने की शिकायत दी है। पांचों पीड़ित मकान मालिकों की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ितों मकान मालिकों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना में पांचों पीड़ितों ने करीब 6 से 7 लाख के आर्थिक नुकसान की आशंका जताई है। पुलिस जल्द ही चोरियों को ट्रेस आउट कर गहनों व नकदी की रिकवरी कर लेगी।
प्रेम कुमार, सदर थाना प्रभारी