सांरगपुर-नावा मार्ग के पुर्ननिर्माण को मिली मंजूरी
चरखी दादरी। गांव सांरगपुर से नावा प्रमुख मार्ग को मंजूरी मिल गई है। इस प्रोजेक्ट के लिए 7.80 करोड़ की राशि मंजूर हो गई है। पीडब्ल्यूडी विभाग जल्द ही इस सड़क निर्माण के टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा। जिले में अब ग्रामीण सड़कों के जीर्णोद्धार पर विभाग ने काम शुरू कर दिया है। धीरे-धीरे विभाग की ओर से ग्रामीण सड़कों की चौड़ाई भी बढ़ाई जा रही है तथा सड़कों का नवीनीकरण भी किया जा रहा है। कई गांवों को जोड़ने के लिए नई सड़कों के निर्माण की भी जरूरत बनी हुई है।
सांरगपुर से वाया नावा ढिगावा को जाने वाली सड़क की हालत काफी समय से जर्जर है। इस सड़क की साइड खराब हो चुकी हैं और जगह-जगह गड्ढे भी बने हुए हैं। इन गड्ढों की वजह से वाहन चालकों को खासी परेशानी हो रही है अपने गंतव्य तक पहुंचने में समय अधिक लग रहा है। सारंगपुर से नावा-ढिगावा तक मार्ग के नवीनीकरण के लिए 7.80 करोड़ की राशि मंजूर हुई है। विभाग ने करीब आठ माह पहले इसका एस्टीमेट तैयार कर हेड ऑफिस भेजा था। अब इस प्रोजेक्ट हाल ही में मंजूरी मिलने से इसके निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। टेंडर के अप्रूवल को हेड ऑफिस लिख दिया गया है। टेंडर अलॉटमेंट का कार्य पूरा होते ही इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने की उम्मीद है।
सांरगपुर से वाया नावा ढिगावा के प्रमुख मार्ग के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। अब जल्द ही टेंडर अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों का आने वाले समय में पूरी तरह से जीर्णोद्धार कर दिया जाएगा। विभाग इस प्लान पर तत्परता से काम में जुटा है।
-एसडीओ धर्मपाल सिंह, पीडब्ल्यूडी विभाग, चरखी दादरी