संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। जिले में रविवार को होने वाली नीट-यूपी परीक्षा होगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा को नकलमुक्त और शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन ने शनिवार को मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाओं को परखा।
जिले में 17 परीक्षा केंद्र बनाए हैं जहां 5307 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। नकल और गड़बड़ी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हर केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहेगा। पहली बार परीक्षा केंद्रों की छतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे ताकि बाहरी हस्तक्षेप पर नजर रखी जा सके। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू रहेगी।
इस दायरे में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, भीड़ और नारेबाजी पर पूरी तरह रोक होगी। नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं दीं हैं।
वर्जन
परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में आने फोटोकॉपी, साइबर कैफे और संबंधित प्रतिष्ठान परीक्षा अवधि में बंद रहेंगे। यह प्रतिबंध कोचिंग संस्थानों पर भी रहेगा।- सचिन गुप्ता, जिला उपायुक्त
इंसेट
मिलेगी निशुल्क यात्रा सुविधा
रोहतक।
नीट के परीक्षार्थियों को निशुल्क बस सुविधा मिलेगी। सभी बस स्टॉपेज पर हेल्प डेस्क और सूचना केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों के लिए 6 स्टॉपेज से 25 बसों का संचालन होगा। परीक्षा केंद्रों तक परीक्षार्थियों को लाने और ले जाने के लिए रोडवेज ने 25 बसों का लगाया है जबकि 8 बसों को चालक-परिचालक को रिजर्व रखा है। संस्थान प्रबंधक हंसराज ने बताया कि सुबह 8:30 बजे से बसों संचालन शुरू हो जाएगा। परीक्षार्थी प्रवेश पत्र से निशुल्क टिकट बनवाकर सफर कर सकेंगे। संवाद
इंसेट
यह स्कूल बनाएं गए हैं परीक्षा केंद्र
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय घुसकानी, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांघी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिसार रोड-शहर, पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय महाविद्यालय, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महिला आश्रम रोड, गांधी नगर, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दिल्ली बाईपास, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी रोड-शहर, पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन, राजकीय महिला महाविद्यालय सांपला, सीआर पॉलिटेक्निक सांपला, राजकीय महाविद्यालय बेरी रोड सांपला, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांपला, होटल प्रबंधन संस्थान तिलयार झील, राजकीय महिला महाविद्यालय लाखन माजरा, राजकीय पॉलिटेक्निक महम, सरकारी आईटीआई महम, राजकीय महाविद्यालय नेशनल हाइवे-9 महम।