जनता कॉलोनी स्थित चारा मंडी गेट निवासी सुनील से हैकर ने 52 हजार 500 रुपये ठग लिए। इसके लिए हैकर ने उसके साढ़ू की फेसबुक आईडी हैक करके मेसेंजर के माध्यम से संदेश भेजे व रुपयों की मांग की। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सुनील कुमार ने बताया कि हांसी स्थित गांव बड़सी निवासी रोशन रोहिल्ला रिश्ते में उसके साढ़ू लगते हैं। उनकी फेसबुक आईडी रोशन रोहिल्ला के नाम से है। शाम करीब साढ़े 6 बजे उनके पास फेसबुक के मेसेंजर से संदेश आया। पहले हालचाल पूछा, इसके बाद साढ़े 12 हजार रुपये की मदद मांगी। कहा कि फोन पे या गुगल पे से पैसे भेज दे। सुनील ने नेट बैंकिंग से पैसे भेजने से मना कर दिया। इसके बाद उसे बैंक अकाउंट व आईएफएससी कोड दिया। इसके बाद उसने अकाउंट में 12 हजार 500 रुपये भेज दिए। इसके बाद 15 हजार और 25 हजार की मांग की। कहा कि सुबह पैसे वापस कर देगा। सुनील ने राशि दे दी। थोड़ी देर बाद मेसेज से 50 हजार रुपये और मांगे। तब उसे शक हुआ। उसने साढ़ू रोशन को फोन किया। उन्होंने कहा कि उसने तो कोई संदेश नहीं भेजा। पता चला कि किसी ने रोशन रोहिल्ला की फेसबुक आईडी हैक कर रखी है। इस तरह धोखाधड़ी से अज्ञात युवक ने ठगी कर ली है।