कोरोनाकाल में राहत की बात है कि संक्रमण का ग्राफ लगातार घट रहा है और मरीजों की संख्या कम होती जा रही है। लेकिन कोरोना संक्रमितों की मौत का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 9 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि की है और उपचार के दौरान दो ने दम तोड़ दिया।
लॉकडाउन के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में कम होती जा रही है। जिले में कोरोना संक्रमण स्तर 5.71 प्रतिशत चल रहा है, हालांकि रिकवरी रेट भी 97.23 प्रतिशत हो गया है। शुक्रवार को उपचार के दौरान निंदाना और खरक जाटान के दो कोरोना संक्रमितों की मौत की पुष्टि हुई है और जिले में कोरोना मृतकों का आंकड़ा 530 पहुंच गया है। गौरतलब है कि जिले में कोरोना के चार लाख से अधिक सैंपल लिए जा चुके हैं। वर्तमान में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 179 पहुंच गई है। इसमें से 49 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और 130 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं, पीजीआईएमएस के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि उनके पास कोरोना के 77 संक्रमितों का उपचार चल रहा है, इनमें से 31 वेंटिलेटर पर हैं।
ब्लैक फंगस से चरखी दादरी की महिला ने तोड़ा दम, 11 मरीजों का किया ऑपरेशन
पीजीआईएमएस में शुक्रवार को ब्लैक फंगस से चरखी दादरी की 70 वर्षीय वृद्धा की मृत्यु हो गई। वहीं डॉक्टरों की टीम ने 11 रोगियों के ऑपरेशन कर उनमें ब्लैक फंगस को आगे बढ़ने से रोका है। जनसंपर्क विभाग के अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने बताया कि पीजीआईएमएस में ब्लैक फंगस के भर्ती 195 मरीज भर्ती है। मरीजों के लिए दवाइयां व इंजेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शुक्रवार को सरकार से 241 इंजेक्शन हमें मिले हैं।