रोहतक। शहर के सेक्टर 14 निवासी शिक्षक के खाते से शातिर युवकों ने 4 लाख 23 हजार रुपये निकाल लिए। एक माह तक ठगी का खेल चला, लेकिन शिक्षक के पास कोई ओटीपी या मैसेज तक नहीं आया। इस संबंध में शिक्षक ने अर्बन एस्टेट थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक शिक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि उसने 7 फरवरी को लाहली स्थित पंप पर कार में 872 रुपये का डीजल डलवाया था। अब 7 मार्च को उसके पास मैसेज आया कि आपके खाते में 20 हजार रुपये की राशि बची है। उसे शक हुआ, क्योंकि उसने फरवरी माह में डीजल डलवाने के बाद न को किसी को एटीएम कार्ड दिया और न ही खुद पैसे निकाले। वह बैंक की सरकुलर रोड स्थित ब्रांच में पहुंचा। जांच में पता चला कि उसके खाते से 9 फरवरी से आठ मार्च तक 4 लाख 23 हजार रुपये निकाले गए हैं। हर बार 10 हजार रुपये से कम की राशि निकाली गई है।
डुप्लीकेट कार्ड बनाकर पैसे निकालने की आशंका
शिक्षक देवेंद्र सिंह का कहना है कि वे अपने कार्ड को केवल कार में डीजल डलवाने के लिए प्रयोग करते हैं। शक है कि किसी ने उसके कार्ड का डुप्लीकेट बनवाकर वारदात अंजाम दी है।