अतिक्रमण पर सख्ती, पुलिस ने सड़क से रेहड़ियों को खदेड़ा
चरखी दादरी।
शहर की बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बस स्टैंड रोड पर शनिवार दोपहर अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने अतिक्रमणकारियों पर सख्ती दिखाते हुए सड़क पर खड़ी रेहड़ियों को खदेड़ा। इसके अलावा बेतरतीब गाड़ियों और ऑटो चालकों को भी ट्रैफिक नियमों के अनुसार पार्किंग जोन में ही वाहनों को खड़ा करने की चेतावनी दी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो चालकों के चालान भी किए। लगातार तीन घंटे चले अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को भी निर्धारित जगह पर सामान रखने को कहा। पुलिस की सख्ती से सड़क की करीब दस से पंद्रह फुट जगह अतिक्रमण मुक्त हो गई। जगह पर वाहन खड़े होने के बाद शाम तक ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु नजर आई।
नगर परिषद का अतिक्रमण हटाओ अभियान तो पिछले करीब दो माह से बंद पड़ा है।
डीसी विजय कुमार सिदप्पा ने अतिक्रमण खात्मे के निर्देश पर शुरू किया नगर परिषद का अभियान पिछले करीब दो माह से बंद पड़ा है। इस पर दुकानदारों ने बस स्टैंड से लेकर और लाला लाजपतराय चौक तक दोबारा से अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। बाजार में दुकान का सामान सड़क पर चार से पांच फुट तक बाहर रखा हुआ है। इसके अलावा ये दुकानदार के सामने नो पार्किंग जोन में रेहड़िया लगवा रहे हैं। ऐसे में खरीददारी करने के लिए वाहन चालकों को अपने वाहन सड़क पर ही खड़े करने पड़ रहे हैं। इससे बस स्टैंड रोड पर दोपहर में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। नप की सुस्ती के बावजूद ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को बस स्टैंड रोड की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए औचक अभियान चलाया। ट्रैफिक प्रभारी इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में करीब 10 पुलिस कर्मचारियों की टीम ने बस स्टैंड के सामने से दोपहर करीब 12 बजे अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों ने सड़क पर रेहड़ियां लगाने वालों को उन्हें वहां से खदेड़ा। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहन मालिकों को भविष्य में ट्रैफिक नियमों के मुताबिक ही गाड़ी पार्क करने की चेतावनी दी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस की नजर बीच सड़क ब्रेक लगाने वाले ऑटो चालकों पर भी पड़ी। ट्रैफिक प्रभारी ने कई ऑटो चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा तो कई के कागजात अधूरे मिलने पर चालान भी किए गए। परशुराम चौक तक अभियान चलाया गया और इसमें करीब तीन घंटे का समय लगा।
डीसी के आदेशों करे नजरअंदाज कर रहे नप अधिकारी
डीसी विजय कुमार सिदप्पा ने नगर परिषद को पूरे शहर से अतिक्रमण का खात्मा करने के आदेश दिए थे। इन पर अमल करते नप अधिकारियों ने काठमंडी में अभियान भी चलाया लेकिन इसके बाद मामले का ठंडे बस्ते में डाल दिया। शहर की दो-तीन सड़कों पर ही अभियान चलाने के बाद नप अधिकारियों ने इसे रोक दिया और पिछले करीब ढाई माह से यह अभियान बंद पड़ा है। नगर परिषद अधिकारियों की ढिलाई से शहर के ट्रैफिक हालात बेकाबू होते जा रहे हैं।
वर्जन::
ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस बार कुछ वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया लेकिन भविष्य में अगर नो-पार्किंग जोन में किसी की गाड़ी पार्क मिली तो पुलिस उसका चालान करेगी। दुकानदारों व रेहड़ीधारकों को भी निर्धारित हद तक ही सीमित रहने के निर्देश दे दिए हैं।
इंस्पेक्टर पवन कुमार, ट्रैफिक पुलिस प्रभारी