अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। रेलवे स्टेशन पर नशे के 340 इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी आरिफ को अदालत से दो दिन के रिमांड पर लेकर सोमवार को सीआईडी और जीआरपी की टीमों ने करीब तीन घंटे तक सख्ती से पूछताछ की। आरोपी युवक ने बताया कि वह शनिवार देर रात पुरानी दिल्ली से ट्रेन से स्टेशन पर पहुंचा था। दिल्ली में उसका यह तीसरा चक्कर था। कुछ देर रुकने के बाद करीब दस घंटे शहर में घूमा। वहीं, जीआरपी टीम दिल्ली में नशे के इंजेक्शन बेचने वाले को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए रवाना हो चुकी है। आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि मंगलवार को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ करने के लिए आ सकती हैं।
रविवार की दोपहर में चेकिंग के दौरान जीआरपी ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर जींद छोर पर बने फुट ओवरब्रिज के पास संदिग्ध हालात में बैठे युवक को पकड़ा था। पूछताछ पर पता चला कि पकड़ा गया युवक आरिफ अहमद डार (21) निवासी मलिक पोरा जिला पुलवामा है। तलाशी लेने पर उसके पास नशे के 340 इंजेक्शन बरामद हुए थे। जो उसने दिल्ली के चांदनी चौक स्थित एक दुकान से खरीदे थे। इंजेक्शन खरीदने के लिए पुलवामा के व्यक्ति ने 15 हजार रुपये दिए थे। पुलिस सूत्र बताते हैं कि पूछताछ में आरिफ ने बताया कि पुलवामा में आतंकी हमला होने के बाद जवाहर टनल को बंद कर दिया गया। इसके चलते वह अवंतीपुरा से वाया बस रामवन होते हुए जालंधर आया। जालंधर से बस पकड़कर दिल्ली पहुंचा और वहां चांदनी चौक स्थित बताई गई दुकान से इंजेक्शन खरीदे। इसके बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा के चलते वह निजामुद्दीन स्टेशन पर गया मगर वहां भी सुरक्षा व्यवस्था को देखकर लौट आया। इसके बाद बस से जालंधर जाने की योजना बनाई मगर आईएसवीटी पर बैग स्कैनर और मैटल डिडेक्टर होने की वजह से बस नहीं पकड़ी।
किसी की नजर न पड़े इसलिए प्लेटफार्म के ऐंड में बैठा था
इसके बाद वह सीधे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा तब तक रात हो चुकी थी। किसी तरह से रेलवे स्टेशन पहुंचा और रोहतक से सीधे जम्मू की ट्रेन पकड़ने की योजना बनाई। रात को रोहतक रेलवे स्टेशन पर उतर गया और करीब एक घंटे तक बैठा रहा। इसके बाद प्लेटफार्म पर चाय-नाश्ता करके शहर घूमने के लिए स्टेशन से बाहर आया। रविवार को 11-12 बजे तक रोहतक शहर घूमा और रेलवे स्टेशन लौट गया। पुलिस ने बताया कि उसे स्टेशन पर पता चला कि जम्मू के लिए सीधी ट्रेन दोपहर करीब डेढ़ बजे जाएगी तो वह ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंचा। उस पर किसी की नजर नहीं पड़े इसलिए प्लेटफार्म के एकदम ऐंड में जाकर बैठा था।
दिल्ली में इंजेक्शन बेचने वाले की तलाश में टीम रवाना
नशे के 340 इंजेक्शन कश्मीरी युवक को बेचने वाले व्यक्ति की तलाश में सोमवार को पुलिस की टीम रवाना हो गई। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि दुकानदार को हिरासत में लेकर कई बिंदुओं पर पूछताछ की जाएगी। यदि बिना किसी आधार के इंजेक्शन बेचे गए होंगे, तो उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करके सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलवामा पुलिस से संपर्क करके जुटाई जा रही जानकारी
आधिकारिक सूत्र बताते है कि पुलिस टीम ने पुलवामा के पुलिस अधिकारी से फोन पर संपर्क करके न सिर्फ आरिफ बल्कि इंजेक्शन मंगवाने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मांगी है। कुछ अहम जानकारियां पुलवामा पुलिस ने स्थानीय पुलिस को उपलब्ध करवा दी है, जिसके आधार पर पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है।
इंजेक्शन मंगवाने वाले की गतिविधि हो सकती है संदिग्ध
खुफिया विभाग की टीम को पुलवामा पुलिस से नशे के इंजेक्शन दिल्ली से मंगवाने वाले व्यक्ति के बारे में ज्यादा इनपुट नहीं मिला है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी उक्त व्यक्ति के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता है। चूंकि वह दिल्ली से इंजेक्शन मंगवा रहा है, इसलिए उसकी गतिविधि संदिग्ध होने में कोई शक नहीं है।
पुलिस ने बताया आरिफ का दिल्ली में यह तीसरा चक्कर
पुलिस को आरिफ ने बताया कि वह पहली बार नशे के इंजेक्शन खरीदने के लिए दिल्ली नहीं आया, यह उसका तीसरा चक्कर था। पहले भी वह दो बार इंजेक्शन खरीदने के लिए आ चुका है। उसे पता था कि दिल्ली में दुकान तक जाने के लिए कहां से ऑटो मिलेगा।
खुफिया टीमें मंगलवार को पूछताछ करने के लिए आएंगी
रिमांड पर लिए गए कश्मीरी युवक आरिफ से पूछताछ करने के लिए खुफिया विभाग की टीमें मंगलवार को पूछताछ करने के लिए रोहतक आ सकती है। जीआरपी थाना प्रबंधक स्नेहीराज ने बताया कि सोमवार को सीआईडी, रोहतक पुलिस के साथ-साथ जीआरपी की टीम ने साढ़े तीन घंटे तक पूछताछ की है। अभी तक की पूछताछ में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है, जिससे उसके आतंकी कनेक्शन की पुष्टि होती हो। मंगलवार को कई और खुफिया टीमें उससे पूछताछ के लिए आएंगी।
दो दिन के रिमांड पर लिए आरिफ अहमद डार से कई बिंदुओं पर पूछताछ हो चुकी है। उससे ऐसी कोई बात पता नहीं चली है, जिससे उसके आतंकी कनेक्शन के बारे में कुछ कहा जा सके। हां, इतना जरूर है कि वह नशे के इंजेक्शनों को अवैध तरीके से दिल्ली से खरीदकर महंगे दामों पर बेचता था। इस धंधे में पुलवामा के एक अन्य व्यक्ति के शामिल होने की जानकारी मिली है। न सिर्फ आरिफ बल्कि उसे भेजने वाले व्यक्ति के बारे में पुलवामा पुलिस से भी जानकारी ली गई है। जल्द ही दिल्ली के इंजेक्शन बेचने वाले व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
धीरज सेतिया, एसपी जीआरपी अंबाला
रेलवे स्टेशन के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस की टीमों ने रिमांड पर लिए युवक आरिफ की शहर में 10 घंटे तक रहने की गतिविधि के बारे में सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के आसपास दुकानों व प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। सोमवार की शाम तक आसपास के सीसीटीवी से उसके फुटेज नहीं मिले हैं। इससे माना जा रहा है कि वह रेलवे ट्रैक के सहारे घूमने के लिए गया होगा।
सशस्त्र टीम आरिफ को कड़ी सुरक्षा में ले गई कोर्ट
कश्मीरी युवक को कड़े सुरक्षा घेरे में सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। जीआरपी के पांच पुलिस कर्मी और एसएचओ उसे एक गाड़ी में बैठाकर कोर्ट तक ले गए। उनके आगे जीआरपी पुलिस की एक टीम सादी ड्रेस में चल रही थी।