अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पंचकूला की सीबीआई कोर्ट द्वारा यौन शोषण के मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को रोहतक की सुनारिया जेल में शिफ्ट करने के बाद से जिले में अलर्ट घोषित किया गया। डेरा प्रेमियों को रोहतक पहुंचने से रोकने के लिए सीमाएं सील कर दी गईं। डीसी ने चेतावनी दी कि हिंसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। डेरे के अनुयायियों को जिले में नहीं घुसने दिया जाएगा।
डीसी ने बताया कि डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों को रोहतक की ओर न आने को कहा है। उन्हें आगाह किया है कि अगर कोई समर्थक रोहतक में अराजकता फैलाने की कोशिश करेगा तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने का किसी को अधिकार नहीं है और आम जनता को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध करवाना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रशासन द्वारा जिला में जान और माल की सुरक्षा हेतु धारा 144 लगाई गई है। इसके तहत एक स्थान पर पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने तथा किसी प्रकार का घातक हथियार लेकर चलने पर पाबंदी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि रोहतक के चारों तरफ के मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी करके पुलिस का सख्त पहरा लगा दिया गया है। इसलिए कोई भी समर्थक रोहतक में आने का प्रयास न करें।
रोहतक में रह रहे डेरा प्रेमियों के लिए शहर में जुलूस या धरने पर पाबंदी
डीसी ने बताया कि रोहतक में रहने वाले डेरा सच्चा सौदा के समर्थक किसी प्रकार का धरना या जलूस निकालकर किसी प्रकार की अराजकता फैलाने का प्रयास करेंगे तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
कानून से ऊपर कोई नहीं, शांति बनाए रखें : ग्रोवर
सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर का कहना है कि जिला आयुक्त चंद्रप्रकाश, आईजी नवदीप विर्क, उपायुक्त अतुल कुमार व पुलिस अधीक्षक पंकज नैन से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही सख्त हिदायत दी गई कि सुरक्षा में कोताही नहीं होनी चाहिए। कानून से ऊपर कोई नहीं है। हर कीमत पर शहर में शांति बनाए रखी जाए। साथ ही डेरा प्रेमियों को भी कानून के फैसले का सम्मान करना चाहिए।
शांति बनाए रखें शहरवासी
प्रदेश में हिंसा की घटनाएं चिंताजनक हैं। शहर वासियों की संकट की घड़ी में शांति बनाए रखनी हैं। एक बार शहर दंगों की आंच सह चुका है। कानून से ऊपर कोई नहीं होना चाहिए।
रेनू डाबला, मेयर, नगर निगम
12 कंपनी तैनात, किसी को नहीं आने देंगे रोहतक : एसपी
रोहतक में सुरक्षा के पुख्ता इंतजार किए गए हैं। शुक्रवार को 12 कंपनी रोहतक पहुंच गई। बीएसएफ की दो कंपनी रात नौ बजे पहुंची। जिले में धारा 144 लगी है। डेरा प्रेमियों को जिले में नहीं आने दिया जाएगा। आम लोग अफवाहों पर ध्यान ना दे और ना ही बढ़ावा दे।
पंकज नैन, पुलिस अधीक्षक
फैसला सुनते ही शहर में सन्नाटा, दिनभर टीवी से चिपके रहे लोग
सीबीआई कोर्ट में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख की पेशी के चलते दिनभर लोग टीवी से चिपके रहे। क्योंकि जिला प्रशासन से पहले ही स्कूल, कालेज और दूसरी शैक्षणिक संस्थाओं की छुट्टी कर दी थी। दोपहर जब सीबीआई कोर्ट ने डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिया। तभी शहर में सन्नाटा पसर गया। सड़कों पर वाहन कम नजर आए। कुछ निजी बैंक तो दोपहर ही बंद हो गए थे। लोग न केवल पेट्रोल पंपों पर तेल डलवाने पहुंच गए, बल्कि एटीएम से पैसे भी निकालने लगे। ताकि हिंसा ज्यादा फैली तो कोई दिक्कत न आए।
खाली करा दिया नाम चर्चा घर
सोनीपत रोड पर बोहर गांव से आगे सिरसा डेरा का नाम चर्चा घर है। सुबह ही महिलाएं व कुछ डेरा प्रेमी नाम चर्चा घर में पहुंच गए। अदालत के फैसले से पहले डेरा प्रेेमियों ने सत्संग किया। फैसले के बाद ज्यादातर डेरा प्रेमी नाम चर्चा घर से चले गए। रात को 10 से 12 ही लोग नाम चर्चा घर में मौजूद थे। बाहर गेट पर पुलिस की दो गाड़ियां तैनात रही। इसके बाद रात नौ बजे पुलिस ने सोनीपत रोड स्थित नाम चर्चा घर भी खाली करवा दिया। वहां मौजूद एक दर्जन डेरा अनुयायियों को भी घर जाने के लिए कह दिया गया। क्योंकि पुलिस किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहता। रात को साढ़े नौ बजे केवल नाम चर्चा घर में केवल चौकीदार मौजूद था। बाहर पुलिस बल पहले की तरह तैनात रहा।