रोहतक। कोरोना का प्रकोप बना हुआ है। जिले में हर रोज नए संक्रमित केस सामने आ रहे हैं। सोमवार को चार बच्चों समेत 156 नए संक्रमित केस मिले। जबकि 246 लोगों को ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 156 नए केसों के साथ अब कुल 1275 संक्रमित केस हैं। इनमें से नौ मरीज अस्पताल व शेष 1266 घरों में उपचाराधीन हैं। जबकि 246 मरीजों को ठीक होने पर छुट्टी दी गई। विभाग ने सोमवार को 1164 लोगों के सैंपल लिए। इनमें से 924 आरटीपीसीआर व 240 रेपिड एंटिजन जांच के हैं। इसके अलावा 500 लोगों को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। महामारी की संक्रमण दर 4.53 प्रतिशत व सुधार की दर 93.98 प्रतिशत है।
विभाग ने 3405 लोगों को लगाई वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकारण अभियान के तहत लोगों को वैक्सीन लगाने का काम जारी है। इसके तहत सोमवार को 3405 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें से 1261 को पहली व 2144 को दूसरी डोज लगाई गई। जिले में अब तक 1474308 वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। इसके अलावा 15 से 18 वर्ष तक के 28893 किशोर किशोरियों को भी वैक्सीन लगाई जा चुकी है।