पंचायत प्रतिनिधियों ने दी व्यवहार और सुशासन की परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एमडीयू में चल रहे पंचायत प्रतिनिधियों के तीन माह के कोर्स में शुक्रवार को फाइनल परीक्षा का दूसरा पेपर कराया गया। डीडीई हाल में हुए इस पेपर में पंचायत प्रतिनिधियों से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ आदि योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए।
लोक प्रशासन विभाग के अध्यक्ष प्रो. सेवा सिंह दहिया ने बताया कि व्यवहार और सुशासन के इस पेपर में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना आदि के बारे में भी पूछा गया था। कुछ प्रतिनिधियों ने पेपर को करीब आधा घंटे में कर लिया, जबकि अधिकतर प्रतिनिधि असमंजस में रहे। अब शनिवार को आखिरी पेपर होगा। इसके बाद परिणाम जारी कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि तीन माह के इस कोर्स को लेकर कुछ प्रतिनिधियों ने विरोध उठाया था, जबकि कुछ इसमें पूरे मेहनत के साथ पढ़ाई कर रहे हैं।