पशु से टकराकर गाड़ी पलटी, जेबीटी शिक्षक की मौत, तीन रेफर
चरखी दादरी।
भांडवा अड्डे के समीप शुक्रवार सुबह सड़क पर आए लावारिस पशु से टकराकर एक गाड़ी पलट गई। इस हादसे में गाड़ी सवार गांव लाड निवासी जेबीटी शिक्षक की मौत हो गई जबकि दो छात्राओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को चिंताजनक हालत में हिसार रेफर किया गया है। मृतक शिक्षक नांगल चौधरी के गांव ढाणी बिसना के राजकीय स्कूल में कार्यरत था। बाढड़ा थाना पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम दादरी के सिविल अस्पताल में करवाया।
पुलिस के अनुसार गांव लाड निवासी जेबीटी शिक्षक संजय शुक्रवार सुबह गाड़ी में सवार होकर बाढड़ा से लाड आ रहा था। उसके साथ गांव निवासी गाड़ी चालक जोगेंद्र व भतीजी व उसकी सहेली थी। संजय की भतीजी की तबीयत अचानक खराब होने पर उसे बाढड़ा के वीरवार को अस्पताल में लेकर आया था और शुक्रवार सुबह वो गांव लौट रहे थे। भांडवा अड्डे के समीप सड़क किनारे बैठा लावारिस पशु अचानक गाड़ी के सामने आ गया। पशु से टकराने के बाद उनकी तेज रफ्तार गाड़ी सड़क पर पलट गई। इस हादसे में शिक्षक संजय की मौत हो गई। इसके बाद राहगीरों ने गाड़ी सवार घायलों को दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में बाढड़ा थाना प्रभारी शमशेर मान ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया।