नगर निगम कार्यालय में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए खड़े लोग। संवाद
रोहतक। प्राॅपर्टी टैक्स जमा कराने में नगर निगम के नए वित्त वर्ष के पहले चार माह पिछले चुनावी साल के 12 माह पर भारी पड़ गए। चार माह में रिकाॅर्ड 12.45 करोड़ रुपये टैक्स जमा हुआ है, जो पिछले पूरे वित्त वर्ष से 61 लाख रुपये ज्यादा है। निगम आयुक्त डाॅ. आनंद शर्मा का कहना है कि टैक्स जमा न कराने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। एक सप्ताह में बड़े बकाएदारों को नोटिस दिए जाएंगे।
वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में निगम की तरफ से 28 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा था। टैक्स वसूलने के लिए सरकार ने 31 जुलाई तक टैक्स जमा कराने पर चालू वित्त वर्ष के टैक्स पर 10 प्रतिशत छूट देने का प्रावधान किया था।
1 अप्रैल से 31 जुलाई तक 12.45 करोड़ टैक्स जमा हुआ, इसमें 2.21 करोड़ रुपये कचरा उठान शुल्क व 93.69 रुपये फायर टैक्स शामिल हैं।
यूं आया चार माह में टैक्स
माह प्रॉपर्टी टैक्स
अप्रैल 81.91 लाख
मई 1.08 करोड़
जून 1.41 करोड़
जुलाई 9.13 करोड़
-
बड़े बकाएदारों पर सख्ती व लगातार नोटिस देने का असर हुआ। उम्मीद के मुताबिक वित्त वर्ष के पहले चार माह में प्रॉपर्टी टैक्स जमा हुआ। जुलाई में छुट्टी के दिन भी टैक्स जमा कराने के लिए ब्रांच खोली गई। एक सप्ताह में बचे बकाएदारों को नोटिस दिए जाएंगे।
डॉ. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम