पंचकूला डिपो की किलोमीटर स्कीम की एक बस सोमवार दोपहर हरियल चौक पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में करीब 8 से 10 यात्रियों को चोटें आई हैं जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना में भर्ती करवाया गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को दोपहर में हरियाणा रोडवेज की पंचकूला डिपो की किलोमीटर स्कीम की बस नंबर HR 68 B 7955 पंचकूला से हिसार की ओर जा रही थी। जब बस नरवाना के हरियल चौक के पास पहुंची तो अचानक सामने एक स्कूटी सवार आ गया। चालक ने स्कूटी सवार को बचाने का प्रयास किया, जिसके चलते बस का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस की दीवार तोड़ते हुए अंदर जाकर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जांच शुरू कर दी है।