रहपुआ गांव के पास रोड़ी से ओवरलोड ट्रक पलटने से उसके नीचे दबकर एक बच्चे और महिला समेत तीन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद चालक व क्लीनर ट्रक छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने काफी देर तक सड़क जाम कर हंगामा किया। इस दौरान दोनों तरफ से किसी भी वाहन को आने जाने नहीं दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को हटाया। जाम के चलते काफी देर तक तीनों शव ट्रक के नीचे ही पड़े रहे। उन्हें निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा के अल-आफिया अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियाें के अनुसार शुक्रवार को एक ट्रक पिनगवां से शिकरावा की ओर जा रहा था। उसके पीछे बाइक सवार तीन लोग आ रहे थे। ट्रक जब गांव रहपुआ के पास पंहुचा, तो किसी बात को लेकर बाइक सवार तीन युवकाें में से एक ट्रक ड्राइवर की खिड़की में लटक गया। इसके बाद उनके बीच चलते ट्रक में नोक-झोंक होती रही। युवक के अचानक चलते ट्रक की चाबी निकाल लेने से उसकी स्टीयरिंग लॉक हो गई और ड्राइवर के संतुलन खोते ही कुछ दूर जाकर ट्रक पलट गया। इससे बाइक सवार जावेद, वारिशा (25) और कामरान (पांच वर्ष) की ट्रक के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के फौरन बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित कर दिया। इसी बीच कुछ लोग घटना को लेकर सड़क पर आ गए और जाम लगा दिया। काफी देर तक गुस्साए लोगों ने सड़क पर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लेकर गुस्साए लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बताते हैं कि वारिशा अपने बुजुर्ग मां-बाप से मिलने दो दिन पहले बच्चे के साथ मायके आई थी और अपनी ससुराल गांव सुनारी वापस जा रही थी। वारिशा के पिता ने पिनगवां से विदाई में कपड़े खरीदकर दिए थे। घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष है।