खेल विभाग की लापरवाही के कारण शुक्रवार को स्पैट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग ने अचानक स्पैट कराने की जगह को ही बदल दिया।
बल्लभगढ़ ब्लॉक का स्पैट अटाली गांव में छह से आठ दिसंबर तक होना था। शुक्रवार सुबह सेक्टर-12 के खेल मैदान में टेस्ट हुआ। बच्चाें को कुछ देर पहले ही इसकी सूचना दी गई। विभाग ने तर्क दिया कि अटाली का ग्राउंड काफी खराब है। एक तरफ काफी कांटे लगे हुए हैं, जिससे बच्चों को परेशानी हो सकती है।
ऐसे में लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या बिना मैदान देखे ही अटाली में स्पैट कराने की घोषणा की गई थी। दयालपुर गांव निवासी अशोक ने कहा कि विभाग एक दिन पहले शाम को सूचना दे देता तो परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।
वे टेस्ट के लिए सुबह नौ बजे ही अटाली के मैदान पर पहुंच गए थे। चावला कॉलोनी में रहने वाली रानी का कहना है कि ग्राउंड को सही करा स्पैट कराया जा सकता था, लेकिन विभाग ने आयोजन स्थल ही बदल दिया। जिला खेल अधिकारी सत्यप्रकाश राणा का कहना है कि आयोजन स्थल को लेकर विभाग से गलती हुई है, लेकिन बच्चाें के हित में मैदान बदलना जरूरी था।