रेवाड़ी। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से वर्ष 2021-22 के दौरान सामाजिक एवं युवा गतिविधियों में श्रेष्ठ कार्य करने वाले युवा और युवा संगठनों को जिला एवं राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके लिए युवा और युवा क्लब 15 जुलाई 2022 तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी मदनलाल ने बताया कि जिला तथा राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ युवा पुरस्कार के लिए गत वर्ष की उपलब्धियों के आधार चयन किया जाएगा, जबकि युवा क्लब के लिए उनकी 3 वर्ष की उपलब्धियां देखी जाएंगी। युवा पुरस्कार के लिए आयु सीमा 15 से 29 वर्ष रहेगी। आवेदन करने वाले युवा सरकारी पब्लिक अंडरटेकिंग यूनिवर्सिटी या कॉलेज के साथ-2 राज्य व भारत सरकार के कार्यालय में सरकारी सेवा में नहीं होने चाहिए। ऐसे युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी जो खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग हरियाणा से सक्रिय रूप से जुडे हों तथा ग्रामीण स्तर पर कार्य किया हो। पहले इस पुरस्कार को प्राप्त कर चुके युवा दोबारा आवेदन नहीं कर सकेंगे।
इस सम्मान के लिए युवा और युवा क्लब 15 जुलाई तक अपने आवेदन निर्धारित प्रपत्र में राव तुलाराम स्टेडियम, रेवाडी स्थित खेल एवं युवा कार्यक्रम कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। राज्य स्तरीय युवा एवं युवा क्लब पुरस्कार के लिए गत वर्ष के जिला स्तरीय विजेता ही अपना नामांकन दे सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम कार्यालय अथवा दूरभाष नंबर 01274-257349, 8708395001 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
युवा क्लब पंजीकरण होना आवश्यक:
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय युवा क्लब पुरस्कार के लिए युवा क्लब पंजीकरण अधिनियम 2012 के तहत पंजीकृत होना आवश्यक है। ग्रामीण स्तर पर तथा खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की गतिविधियों व युवा गतिविधियों में कार्य करने वाली संस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। पुरस्कार का मूल्यांकन स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, व्यावसायिक प्रशिक्षण, महिला सशक्तीकरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल गतिविधियां, रोजगार संबंधी कार्यक्रम, साहसिक कार्यक्रम, सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध कार्यक्रम, राष्ट्रीय एकता संबंधी कार्यक्रमों के आधार पर किया जाएगा।