पिछले दिनों रेवाड़ी में हुई सेना भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा में असफल होने के बाद तनाव में चल रहे बावल थाना क्षेत्र के गांव खंडोडा निवासी युवक मयंक ने रविवार रात को जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। वह अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार गांव खंडोडा में करीब 21 वर्षीय मयंक ने रविवार रात घर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे ट्रॅामा सेंटर पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना के बाद बावल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के मयंक सेना भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा फेल हो जाने से तनाव में चल रहा था।
बताया गया है कि मयंक अपने पिता का इकलौती बेटा था। उससे बड़ी एक बहन है। वह बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता उसे सेना में भर्ती कराना चाहता थे। 25 जुलाई को रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में आयोजित सेना की भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा में दौड़ पूरी नहीं कर पाया था। सेना भर्ती के लिए वह पिछले छह माह से तैयारी कर रहा था। सेना भर्ती में फेल होने के बाद से ही मयंक तनाव में चल रहा था। हालांकि उसके परिजनों ने उसे काफी समझाया। इससे पहले भी वह नेवी की भर्ती में कुछ ही नंबरों से फेल हो गया था। उस समय भी वह काफी परेेशान था।