कोसली। गांव टूमना स्थित खाटू श्याम मंदिर प्रांगण में आयोजित योग भगाए रोग शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों को योगाभ्यास कराया गया।
शिविर सुबह 5 बजे से लगाया गया। इसमें ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। योगाचार्य योगेंद्र ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है। नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।
उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास भी कराया। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। पहले दिन की सफलता को देखते हुए आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में लोगों के जुड़ने की उम्मीद जताई गई।
कार्यक्रम में खाटू श्याम मंदिर कमेटी के प्रधान दिनेश यादव, प्रदीप भगत, नवीन मेहरा, वेदप्रकाश, मास्टर पवन यादव, कैप्टन महेंद्र सिंह, विजय, दीपक जेई, मंदिर पुजारी रामनरेश शर्मा, दीपक शर्मा सहित मंदिर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।