जनस्वास्थ्य विभाग के एक ऑपरेटर का एटीएम कार्ड बदलकर ठगों ने 17 हजार एक सौ रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर संदेश आने के बाद ऑपरेटर को उसके साथ हुई ठगी का पता चला। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने केस दर्ज करने के बात अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुरुग्राम जिले के गांव बोहड़ा खुर्द निवासी 40 वर्षीय महाबीर सिंह जनस्वास्थ्य विभाग में ऑपरेटर हैं। मंगलवार को वह धारूहेड़ा में किसी काम से आए हुए थे। पैसे की जरूरत पड़ने पर वह नंदरामपुर बास रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से 15 हजार रुपये निकाले। इस दौरान वह ट्रांजेक्शन की स्लिम निकाल रहा था तो वहां पर दो युवक आए और उसे बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में उन्होंने उसके खाते से 17 हजार एक सौ रुपये निकाल लिए। घर पहुंचने के बाद उसने देखा कि 15 हजार के अलावा 17 हजार 100 रुपये खाते से कटने का संदेश आया हुआ है। वह तुरंत बैंक गया और पैसे निकलने के बारे में जानकारी की तो पता चला कि उसके साथ ठगी की गई है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने महाबीर सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।