रेवाड़ी। नागरिक अस्पताल और साथ लगते ट्रॉमा सेंटर में जल्द ही व्यवस्था बदली नजर आएगी। अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी, लैब और ट्रॉमा में ऑर्थो की ओपीडी के बाहर अक्सर दिखाई देने वाली मरीजों की कतार नहीं दिखाई देगी। इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन की तरफ से टोकन सिस्टम शुरू करने की तैयारी है।
इन तीनों जगह पर मरीजों को चेकअप कराने के लिए भी काफी समय इंतजार करना पड़ जाता है। कई बार चिकित्सक को दिखाने में ही इतना समय निकल जाता है कि लैब में जांच के लिए भी समय नहीं मिलता है। क्योंकि प्रयोगशाला में जांच कराने का समय निर्धारित है। मरीजों को खुद चेकअप कराने में समय लगने पर कई बार जांच भी रह जाती है। इनको अगले दिन ही जांच कराना पड़ता है।
इन जगहों के साथ ही अन्य ऐसी ओपीडी जिनमें मरीजों की संख्या ज्यादा रहती है। वहां पर टोकन सिस्टम शुरू करने की तैयारी है। पीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि कोशिश रहेगी कि मई में व्यवस्था लागू हो जाए। इससे मरीजों को दिखाने के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।