रेवाड़ी। पिट्ठू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के रेवाड़ी जोन के प्रधान लक्की राव सीगड़ा को बनाया गया है। रेवाड़ी जोन में रेवाड़ी के अलावा महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी और झज्जर जिले शामिल हैं। लक्की राव ने बताया कि वे गांव-गांव प्रतियोगिताएं कराकर पिट्ठू खेल को नई पहचान दिलाएंगे।
लक्की राव के मनोनयन की घोषणा बीएमडी फाउंडेशन कार्यालय में आयोजित बैठक में की गई। बैठक में पिट्ठू खेल को ग्रामीण स्तर पर बढ़ावा देने, युवाओं और बच्चों को इससे जोड़ने तथा खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इस दौरान अरुण कुमार को चरखी दादरी का सचिव, राहुल को चरखी दादरी का उपप्रधान और जोगेंद्र को रेवाड़ी जिले का उपप्रधान नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त प्रधान लक्की राव सीगड़ा ने एसोसिएशन के सचिव संजय कुमार, कार्यकारी सचिव सुमित पुनिया, जोन सचिव विकास पुनिया सहित सभी पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा में पिट्ठू खेल को नई पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। गांव-गांव में खेल का प्रचार किया जाएगा और स्कूलों व कॉलेजों में प्रतियोगिताएं आयोजित कर नई प्रतिभाओं को आगे लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिट्ठू केवल पारंपरिक खेल नहीं, बल्कि भारतीय ग्रामीण संस्कृति और विरासत का हिस्सा है। इससे बच्चों में फुर्ती, एकाग्रता, टीम भावना और अनुशासन विकसित होता है। डिजिटल युग में युवाओं को मोबाइल से दूर कर खेलों से जोड़ना जरूरी है। उनका उद्देश्य खेल के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त युवा पीढ़ी तैयार करना है।
बैठक में जोगेंद्र कपूरी, अरुण कुमार, अमित भोजावास, मोनिका, श्रवण भांडोर ऊंची, अजय, दीपचंद नारनौल, रविंद्र, श्रवण, राहुल दौंगड़ा अहीर, भूपेश, हिमांशी और कशिश सहित खेल सचिव, कोच और रेफरी मौजूद रहे।