रेवाड़ी। बावल थाना क्षेत्र के गांव आसरा का माजरा में बिजली चोरी पकड़ने के लिए गई टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। बिजली निगम की तीन टीमें गांव में बिजली चोरी को पकड़ने के लिए पहुंची थी। बावल बिजली निगम के उपमंडल अधिकारी ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में बावल निगम के एसडीओ सतपाल सिंह ने कहा है कि बुधवार की सुबह धारूहेड़ा से कनिष्ठ अभियंता सोनू व उनकी टीम, पाली से कनिष्ठ अभियंता संदीप राठी, सतीश कुमार, जितेंद्र कुमार, अजीत और बावल से कनिष्ठ अभियंता ईश्वर सिंह, सतीश कुमार, सोनू, अजीत सिंह, देवेंद्र और विजय पुलिस कर्मियों के साथ गांव में बिजली मीटरों की जांच के लिए पहुंचे थे। टीम के सदस्य मीटर की जांच करते हुए गांव में एक घर के बाहर पहुंची तो तीन-चार लोगों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान वहां पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी वहां से फरार हो गए। आरोपियों ने टीम में शामिल बिजली निगम कर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना के बाद बावल पुलिस व निगम के अन्य अधिकारी भी पहुंचे। एसडीओ की ओर से बावल थाना में शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कई बार हो चुका है निगम की टीम पर हमला
बता दें कि बिजली चोरी पकड़ने के दौरान ग्रामीणों द्वारा निगम की टीम पर कई बार हमले किए जा चुके हैं। कई बार बिजली कर्मियों को बंधक भी बनाया गया है। ऐसे में बड़ा सवाल यह हे कि पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद भी ग्रामीण कैसे निगम कर्मियों पर हमला कर देते हैं।
इस बारे में बावल थाना प्रभारी धर्मबीर ने कहा कि एसडीओ की शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए है।