धारूहेड़ा के सोहना रोड स्थित एटीएम बूथ पर एक शातिर ने एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिये। रुपये निकलने का पता लगने के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के जिला गाजीपुर के गांव पचोरवर निवासी अजय कुमार ने कहा कि वह वर्तमान में धारूहेड़ा में रहते हैं। वह नौ फरवरी को सोहना रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम बूथ पर नकदी निकालने गए थे। काफी प्रयास के बाद भी एटीएम से रुपये नहीं निकले। तो वहीं बूथ में खड़े युवक ने मद्द का झांसा देकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया जिसके बारे में उन्हें पता नहीं लगा। एटीएम कार्ड बदलने के बाद युवक तुरंत वहां से चला गया। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 25 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। इसके कुछ समय बाद दूसरी बार 25 हजार व तीसरी बार में दस हजार रुपये और निकाल लिए गए। उन्होंने अपना एटीएम कार्ड देखा तो वह किसी और व्यक्ति का था। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने अजय कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।