संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेलो इंडिया योजना के तहत सरकार जिला स्तर पर खेलो इंडिया लघु केंद्र स्थापित कर रही है। इन्हें पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। इसके लिए 15 जनवरी तक आवेदन किए जा सकते हैं।
जिला खेल अधिकारी मदन पाल ने बताया कि इस योजना से उन खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा, जो अभी तक आत्मनिर्भर नहीं हो पाए हैं। सरकार की मदद से वे अपनी अकादमी शुरू कर सकेंगे। यह सेंटर ओलंपिक में खेले जाने वाले 14 खेलों में स्थापित किए जा सकते हैं। इनमें आर्चरी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, साइकलिंग, फैंसिंग, हॉकी, जूड़ो, रोईंग, शूटिंग, तैराकी, टेबल टेनिस, वेट लिफ्टिंग व कुश्ती शामिल है। जो संस्थाएं अपनी संस्था में लघु केंद्र स्थापित करना चाहती हैं वे अपना आवेदन जिला खेल विभाग के कार्यालय में जाकर 15 फरवरी तक जमा करा सकती हैं। उन्होंने बताया कि लघु केंद्र स्थापित होने के बाद खेल मैदानों के रख-रखाव, खेल उपकरण व खेल किट आदि के लिए उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना का लाभ लेने वाले पूर्व चैंपियन खिलाड़ियों की ओर से नवोदित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। लघु केंद्र में 30 खिलाड़ी को प्रैक्टिस करा सकेंगे। जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए इस महत्वपूर्ण योजना के अंतर्गत इसका संचालन पूर्व चैंपियन खिलाड़ियों के माध्यम से किया जाएगा।