रेवाड़ी। बच्चे के अपहरण मामले में आरोपी। स्रोत: पुलिस प्रवक्ता
रेवाड़ी। शहर थाना पुलिस ने मोहल्ला साधुशाह नगर से करीब छह साल के बच्चे के अपहरण के मामले में गोलू निवासी गांव रामपुर जिला सागर (मध्य प्रदेश) और मनीषा निवासी गांव खामखेड़ा, जिला रायसेन (मध्य प्रदेश) हाल आबाद गांव रामपुर जिला सागर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि इस संबंध में 10 जनवरी को गांव मीरपुर निवासी मंजीत ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह वर्तमान में मोहल्ला साधुशाह नगर रेवाड़ी में रह रहा है। उसके पड़ोस में गोलू और मनीषा किराये के मकान में रह रहे थे और अक्सर उसके बेटे साहिल को खिलाते-पिलाते थे।
10 जनवरी को साहिल अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों को शक हुआ कि गोलू और मनीषा बच्चे को अपने साथ ले गए हैं।
शिकायत के आधार पर थाना शहर रेवाड़ी में अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया। अगले ही दिन पुलिस ने आजाद चौक के पास से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया था। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि गोलू और मनीषा उसे अपने साथ ले गए थे। बाद में उसे वहां छोड़कर चले गए। मामले की जांच के बाद पुलिस ने वीरवार को दोनों आरोपियों गोलू और मनीषा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे साधुशाह नगर में किराये के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।