रेवाड़ी। बिजली वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बिजली निगम की ओर से जिले में पांच नए स्थानों पर सब डिविजन कार्यालय बनाए जाने हैं। इनमें दो सब डिविजन बनकर तैयार हो गए हैं। यहां पर अगले माह से कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इनके बनने लाखों बिजली उपभोक्ताओं को सुविधा होगी।
पहले चरण में गांव जौनावास व बेरली खुर्द में सब डिविजन कार्यालय बनाए गए हैं। ये कार्यालय पूरी तरह से बनकर तैयार हो गए हैं। सब डिविजन कार्यालय में फर्नीचर से लेकर स्टॉफ के बैठने की पूरी व्यवस्था कर दी गई है। अगले माह से यहां सभी कार्य शुरू होने की उम्मीद हैं। इनके शुरू होने से 25 हजार से अधिक उपभोक्ताओं वाले सब डिविजनों का भार कम हो जाएगा। इसके अतिरिक्त उपभोक्ताओं की समस्याओं का भी नजदीकी कार्यालय में ही समाधान हो सकेगा। सब डिविजन कार्यालयों में उपभोक्ताओं की संख्या कम से कम 15 हजार और अधिक से अधिक 25 हजार रखी जाएगी। वर्तमान में जिले में निगम के दस सब डिविजन कार्यालय चल रहे हैं। जिनमें सिटी-1, सिटी-2, सब अर्बन, कोसली, पाल्हावास, बुड़ौली, नाहड़, धारूहेड़ा, बावल व गोठड़ा शामिल हैं।
तीन गांवों में और बनेंगे सब डिविजन:
जिले में गांव बेरली खुर्द व जौनावास में सब डिविजन कार्यालय बन चुके हैं। इसके अलावा भाड़ावास, खोल व जड़थल में सब डिविजन कार्यालय बनाए जाने हैं। वर्तमान में भाड़ावास गांव पाली गोठड़ा सब डिविजन से जुड़ा हुआ है। वहीं बेरली गांव सब अर्बन डिविजन से, जौनावास गांव धारूहेड़ा सब डिविजन से, खोल गांव पाली गोठड़ा सब डिविजन से और जड़थल गांव बावल सब डिविजन कार्यालय से जुड़े हुए हैं।
उपभोक्ताओं को होंगी ये सुविधाएं
उपभोक्ताओं की संख्या ज्यादा होने और स्टाफ की कमी के चलते आम आदमी की बिजली की समस्या देरी से दूर होती है। लोगों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ता है। अब विभाग की तरफ से दो नए सब डिविजन बना दिए गए हैं। इससे आसपास के लगभग 50 गांवों के लोगों को सुविधा होगी। दो नए एसडीओ के साथ स्टॉफ मिलेगा और बिजली समस्याओं को जल्द किया जा सकेगा।
बिजली निगम रेवाड़ी सर्कल के एसई एमएम रोहिल्ला ने बताया कि दो नए सब डिविजन बनकर तैयार हो गए हैं। यहां काम जल्द शुरू हो जाएगा। नए सब डिविजन बनने से उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नए सब डिविजन बनाए जा रहे हैं।