धारूहेड़ा। सोमवार सुबह दो लड़कियां सीसीटीवी फुटेज में एटीएम में छेड़छाड़ करते कैद हुई हैं। दावा किया गया है कि यह वायरल फुटेज बस स्टैंड स्थित एक एटीएम का है। वीडियो में दिख रहा है कि लड़की पेचकस से एटीएम मशीन से नकदी निकालने का प्रयास करती रही, जबकि दूसरी बाहर खड़ी होकर निगरानी करती रही। दोनों लड़कियां सुबह करीब 10 बजे बाइक से एटीएम के पास पहुंचीं। एक लड़की मशीन के नकदी निकलने वाले हिस्से से छेड़छाड़ करने लगी, जबकि दूसरी गेट पर खड़ी होकर आसपास नजर रखती रही। वह एटीएम में आने वाले लोगों को अंदर जाने से भी रोकती दिखाई दी।
कुछ देर बाद दोनों बाइक से वहां से चली गईं। इसके बाद एक युवक एटीएम से पैसे निकालने पहुंचा, लेकिन मशीन काम नहीं कर रही थी। हालांकि, पुलिस ने वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की है, न ही संवाद वीडियो की पुष्टि करता है। मामले में सेक्टर छह थाना प्रभारी सचिन ने बताया कि हमारे पास अभी कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आएगी तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।