कोसली। विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम विजय कुमार यादव ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनके दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की जा रही है।
कोसली हलका की वोटर लिस्ट का प्रारंभिक प्रारूप तैयार होने के बाद अब दावे एवं आपत्तियों का निपटारा किया जा रहा है। एसडीएम ने इसी संदर्भ में एडिशनल एआरओ तथा बीएलओ सुपरवाइजर की अपने कार्यालय में बैठक बुलाई और उनकी बात सुन कर निर्वाचन आयोग के नियम अनुसार सवालों के जवाब दिए।
एसडीएम ने कहा कि कोसली हलका में करीब 36 हजार नागरिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से करीब 11 हजार नोटिस पहुंचाए जा चुके हैं। जिनमें से एक हजार से अधिक का निपटारा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हलका की वोटर लिस्ट में जिन लोगों के नाम किसी कारण से शामिल नहीं हुए या जिनके विवरण का संतोषजनक सत्यापन नहीं हो पाया, उन लोगों को ये नोटिस दिए जा रहे हैं। एडिशनल एआरओ और वह स्वयं इन नागरिकों को बुला कर उनके दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। प्रमाणित आधार पर ही किसी नागरिक को वोटर लिस्ट में सम्मिलित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिक बीएलओ को भी अपने दस्तावेज दिखाकर इन आपत्तियों का निपटान करवा सकते हैं।