रेवाड़ी। पुलिस ने स्कॉर्पियो से 32 बोर का रिवाल्वर और छह कारतूस बरामद करने के मामले में मुख्य आरोपी धारूहेड़ा चुंगी निवासी सुनील और हथियार उपलब्ध कराने वाले लाइसेंसधारक गांव बालियर कलां निवासी भीम सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सुनील को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया और एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार 28 सितंबर की रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि सुनील पैरोल पर आया है और एक निर्माणाधीन मकान में कुछ संदिग्ध लोगों के साथ मौजूद है। इसके बाद सीआईए और थाना शहर पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। वहां दो गाड़ियां वेंटो और स्कॉर्पियो खड़ी मिलीं। तलाशी के दौरान सुनील स्कॉर्पियो की चाबी देकर मौके से भाग गया।
पुलिस ने स्काॅर्पियो की पिछली सीट के नीचे मैट के नीचे रखी सफेद पॉलीथिन से रिवाल्वर, छह कारतूस और आर्म्स लाइसेंस बरामद किया। जांच में सामने आया कि लाइसेंस गांव भीम सिंह के नाम पर है।
आरोप है कि भीम सिंह ने अपना लाइसेंसी हथियार सुनील को दिया था, जबकि सुनील उसे अपने कब्जे में रखे हुए था। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले में दो अन्य संदिग्धों सुमित और विकास को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत पहले ही पाबंद किया जा चुका है। पुलिस रिमांड के दौरान सुनील से मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जाएगी।