होटल के कमरे से मोबाइल फोन चोरी करने के दो आरोपियों को गोकल गेट चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के गांव शादीपुर निवासी विपिन कुमार तथा जिला बैरिया के गांव गोपालपुर उदई छापरा निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है।
पलवल के गांव लिखी निवासी भूपेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने व उसके दोस्त गांव रजोलका निवासी तेजवीर ने हरियाणा पुलिस में सिपाही पद की भर्ती के लिए आवेदन किया हुआ था। उनका परीक्षा केंद्र जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में था। दोनों 30 अक्तूबर को ही रेवाड़ी आकर रेलवे रोड स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। 31 अक्तूबर को जब वह सोकर उठा तो देखा कि चार्जिंग पर लगाया गया उसका आई फोन गायब था। शिकायत में भूपेंद्र ने होटल में उसके साथ सो रहे एक युवक पर मोबाइल चोरी करने का संदेह जताया था। पुलिस ने भूपेंद्र की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर कमरे में उसके साथ सो रहे युवक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।