पकड़ी गई अवैध शराब की पेटी। पुलिस
रेवाड़ी। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए रेवाड़ी ने एनएच-48 पर अवैध अंग्रेजी शराब से भरा बंद बॉडी ट्रक पकड़ा है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 19 पेटी यानी 228 बोतल अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब और तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को कब्जे में लिया है।
गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के जिला अयोध्या के गांव दफरपुर निवासी झिंकन वर्मा है। सीआईए रेवाड़ी के इंचार्ज निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि 28 व 29 सितंबर की रात पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक बंद बॉडी ट्रक में अवैध शराब लेकर धारूहेड़ा की तरफ से जयपुर की ओर ले जाया जा रहा है। इसके बाद टीम ने एनएच-48 स्थित बनीपुर चौक पर ट्रैफिक थाना के पास नाकाबंदी कर दी।
कुछ समय बाद धारूहेड़ा की ओर से एक बंद बॉडी ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया और सड़क किनारे रुकवाकर चालक को काबू कर लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम झिंकन वर्मा बताया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक की बॉडी खुलवाकर तलाशी ली। ट्रक में खाली प्लास्टिक कैरेट रखी हुई थीं। कैरेटों की गहनता से जांच करने पर इनके बीच छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां बरामद हुईं।
बरामद शराब में रॉयल चैलेंज की सात पेटी में 84 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड की पांच पेटी में 60 बोतल, बोहो व्हिस्की की चार पेटी में 48 बोतल, ऑल सीजंस की दो पेटी में 24 बोतल और रॉकफोर्ट क्लासिक की एक पेटी में 12 बोतल शामिल हैं। कुल 19 पेटियों में 228 बोतल शराब बरामद हुई।
पुलिस ने चालक से शराब के संबंध में वैध लाइसेंस और परमिट प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।