रेवाड़ी। शहर के दो ऐतिहासिक तालारों सोलहराही और बड़ा तालाब परिसर जल्द ही आकर्षक लाइटों से रोशन नजर आएंगे। दोनों तालाबों के परिसरों में कुल 47 गार्डन लाइट और 28 फ्लड लाइटें लगाई जा रही हैं।
बड़ा तालाब में 25 गार्डन लाइटें लगाई जा रही हैं। इसके बाद तालाब के चारों किनारों पर 16 फ्लड लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं, सोलहराही तालाब में 22 गार्डन और 12 फ्लड लाइटें लगाई जाएंगी। लाइटें लगाने का कार्य पीपी एंटरप्राइजेज की ओर से किया जा रहा है।
काम पूरा होने के बाद दोनों तालाब नगर परिषद को हैंडओवर किए जाएंगे। प्रशासन की योजना दोनों ऐतिहासिक तालाबों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की है। दोनों तालाबों के जीर्णोद्धार का काम अक्तूबर 2023 में शुरू हुआ था।
कार्य पूरा होने के करीब नौ महीने बाद अब लाइटें लगाने का काम शुरू किया गया है, जो अंतिम चरण में है। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग की ओर से दोनों तालाबों का जीर्णोद्धार कराया गया है। इस पर करीब 9 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
सफाई के अभाव में जगह-जगह उगीं झाड़ियां
एक ओर तालाबों को आकर्षक बनाने के लिए लाइटें लगाई जा रही हैं, वहीं सोलहराही तालाब परिसर में भारी मात्रा में कंटीली झाड़ियां और खरपतवार उग आए हैं। तालाब परिसर में लगाए गए डस्टबिन भी कचरे से भरे हुए हैं और कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे हैं। सोलहराही तालाब परिसर में बनाई गई छतरीनुमा 14 दुकानों की हालत भी खराब होती जा रही है। तालाब के मुख्य गेट के सामने लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो का गंदा पानी बह रहा है। यह पानी सड़क से होते हुए तालाब की चारदीवारी के पास जमा हो रहा है।
नहर से तालाबों तक डाली गई पाइपलाइन
दोनों तालाबों में साफ पानी भरने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से जेएलएन नहर से पाइपलाइन डाली जा चुकी है। नहर से दोनों तालाबों तक पाइपलाइन बिछाने पर करीब 3.81 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। लाइटों का काम पूरा होने के बाद तालाबों में जल्द ही साफ पानी भरने की तैयारी है। भविष्य में पर्यटन विभाग की ओर से यहां नाव चलाने की योजना भी है। इससे दोनों ऐतिहासिक तालाबों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।
वर्जन :
सोलहराही और बड़ा तालाब जल्द ही आकर्षक लाइटों से जगमग नजर आएंगे। कार्य शुरू हो गया है। जल्द कार्य को पूरा करवा दिया जाएगा।-
सत्येंद्र, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी
सोलहाराही तालाब में लगी लाइटें। संवाद