रेवाड़ी। रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रोड पर सोमवार को तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। रोलियावास गांव के पास पेड़ गिरने से जहां रेलवे ट्रैक बाधित हो गया, वहीं सड़क मार्ग भी जाम हो गया जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अचानक आए अंधड़ के चलते सीहा, नांगल मूंदी और रेवाड़ी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग कई जगह बाधित हो गया। सीहा फाटक के पास पेड़ गिरने से सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं नांगल मूंदी के पास दो वाहनों पर पेड़ गिरने से वे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।