फोटो : 10मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। महिला सुरक्षा एवं सुरक्षित भविष्य के प्रति प्रयास थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की महिला प्रकोष्ठ एवं प्रमन फाउंडेशन के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जयप्रकाश यादव ने की।
इस अवसर पर भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां, सोनीपत के मानव संसाधन विकास केंद्र की निदेशक डॉ. शेफाली नागपाल मुख्य वक्ता रही। प्रमन फाउंडेशन से एडवोकेट मंजू हथगांवकर एवं हिताची कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर प्रमोद इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रोफेसर रोमिका बत्रा ने सभी मेहमानों का स्वागत किया। एडवोकेट मंजू हथगांवकर ने सभी विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में अवगत कराया।
डॉ. शेफाली नागपाल ने कहा कि आज समाज को महिलाओं के प्रति सोच बदलने की जरूरत है। महिलाओं को स्वयं भी अपने प्रति हीन भावना से ऊपर उठकर अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानने की आवश्यकता है। कुलपति प्रोफेसर जयप्रकाश यादव ने कहा कि आज के समय में महिलाएं किसी भी आधार पर पुरुषों से कम नहीं है। इस विषय में उन्होंने समाज और देश के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही अनेक सफल महिलाओं का उदाहरण भी दिया जो धरातल से उठकर आज सफलता की बुलंदियों को छू रही है।