रेवाड़ी। गोकलपुर के पास हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव चिरहाड़ा निवासी आशीष तथा गांव आसलवास निवासी धर्मपाल उर्फ सतपाल और सौरव है। पुलिस इस मामले में पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपिका अग्रवाल ने बताया कि 21 अगस्त को पुलिस को गांव गोकलपुर के पास तीन युवकों के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो गांव मांढ़िया कलां निवासी जतिन मृत मिला, जबकि दो अन्य युवक घायल थे।
अस्पताल में उपचार के दौरान गांव निगानियावास निवासी हिमेश ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे युवक गांव बुड़ाना निवासी यशपाल को मामूली चोटें आई थीं।
इस मामले में मृतक जतिन के पिता देशराज की शिकायत पर सदर थाना में हत्या का केस दर्ज किया गया था। पुलिस पहले तरुण उर्फ टीका, मंजीत, रितेश, मनीष, सुनील उर्फ सन्नी, पवित्र और गौरव उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा गाड़ी और एक अवैध देसी पिस्तौल भी बरामद की गई थी।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोहरे हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश थी। पांच अगस्त को कांवड़ यात्रा के लिए पिकअप तैयार करने के दौरान यशपाल पक्ष और बुड़ानी निवासी नीरज के बीच कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश को लेकर हत्या की गई थी।