ब्रॉस मार्केट के नजदीक अनाज मंडी के सामने वाले रोड पर तीन बदमाशों ने एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से सात लाख एक हजार रुपये लूट लिए। लूट की वारदात के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। सेक्टर-3 चौकी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
ब्रास मार्केट में महेंद्रा फाइनेंस कंपनी का कार्यालय है। कंपनी का कैशियर राजस्थान के गांव मांढण निवासी आदित्य कुमार बुधवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे 7 लाख रुपये बैग में डालकर ब्रास मार्केट के पास ही नई अनाज मंडी स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने जा रहा था। आदित्य कुमार ने बताया कि जब वह मंडी के सामने वाले मार्ग पर पहुंचा तो सड़क निर्माण कार्य के चलते उसने अपनी बाइक धीमी कर ली। इस दौरान पीछे से पैदल आए तीन युवकों ने उसकी पीठ पर टंगा नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बैग खींचने से वह बाइक लेकर गिर गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे, आरोपी फरार हो चुके थे। सेक्टर-तीन चौकी की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
इस बारे में जब पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि जब लूट की वारदात हुई तो पीड़ित ने शोर नहीं मचाया। बदमाशों के पास असलहे भी नहीं थे। न तो इतने व्यस्त बाजार व रोड पर लूट की वारदात को किसी ने देखा। फिर भी जांच करवा रहे हैं। इसके लिए सीआईए टीम भी लगाई गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह के वारदात जानने वाले ही करते हैं, क्योंकि वारदात को अंजाम देने वालों को पूरी जानकारी होती है कि फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी कब पैसा लेकर जाता है या जा रहा है। पीड़ित ने बताया है कि बदमाशों ने उसे दो-तीन थप्पड़ मारे और कैश का बैग लेकर फरार हो गए।
फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी के साथ हुई लूट के बाद वारदात स्थल पर जांच करते पुलिस अधिकारी। संवाद- फोटो : Rewari