पीड़ित की पत्नी ने बताया कि रात करीब एक बजे अचानक कुछ शोर सुनाई दिया। शोर सुनकर फतेह सिंह बाहर आए तो देखा कि एक व्यक्ति घर में घुसा है। जैसे ही उसने फतेह सिंह को देखा, उसने उस पर चाकू से हमला कर दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर सुदेश और सपना भी बाहर आ गईं।
रेवाड़ी के कोसली के गांव हांसावास में रात के समय चोरी के इरादे से एक बदमाश छत के रास्ते घर में घुस गया। विरोध करने पर बदमाश ने पिता-पुत्री पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान जब चीख पुकार मची को शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। चौतरफा घिरता देख आरोपी ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी दूसरे कमरे में चला गया और कमरे के अंदर वॉशरूम में जाकर खुद की गर्दन पर भी चाकू मार लिया। जब पुलिस पहुंची तो दरवाजे को किसी तरह से खुलवाया गया और तीनों घायलों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया। तीनों घायलों का ईलाज गुरुग्राम के एक अस्पताल में चल रहा है।
विज्ञापन
हांसावास गांव निवासी फतेह सिंह (55) सेना से सेवानिवृत्त हैं। फतेह सिंह की पत्नी सुदेश ने बताया कि घटना के वक्त घर में पति-पत्नी के अलावा उनकी बेटी सपना (25) भी थी। घटना वक्त सभी लोग सो रहे थे। रात करीब एक बजे अचानक कुछ शोर सुनाई दिया। शोर सुनकर फतेह सिंह बाहर आए तो देखा कि एक व्यक्ति घर में घुसा है। जैसे ही उसने फतेह सिंह को देखा, उसने उस पर चाकू से हमला कर दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर सुदेश और सपना भी बाहर आ गईं। जब सपना ने अपने पिता को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया़ बचाव में सुदेश को भी मामूली चोटें आईं।
जांच अधिकारी के अनुसार
पुलिस को सूचना मिली थी की रात के समय घर में घुसकर एक बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया है। मौके पर पहुंचे तो हमलावर ने खुद के गर्दन में भी चाकू मारा हुआ था। फिलहाल तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -जय सिंह, डीएसपी, कोसली।