संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिला बार एसोसिएशन ने बैठक कर पार्किंग में बेतरतीब ढंग से गाड़ी खडी करने वालों के खिलाफ 500 और एक हजार रुपये जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है।
अधिवक्ताओं ने काह कि पार्किंग में इधर-उधर गाड़ी खड़ी करने वाले अधिवक्ता या अन्य किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लगातार पार्किंग में आ रही समस्या को लेकर जिला बार एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चार पहिया और दो पहिया वाहनों की पार्किंग दोनों चैंबर बिल्डिंग के पास गलत तरीके से की जा रही है।
इसके चलते लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अधिवक्ताओं को आवश्यक कार्य होने पर अपनी गाड़ी निकालने में काफी दिक्कतें आ रही थी, जिस कारण दोनों परिसर में जाम की स्थिति बनी हुई थी।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र यादव ने बताया कि पार्किंग व्यवस्था में सुधार लाने के लिए अब दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत सभी गाड़ी चालकों को अपनी गाड़ी खड़ी करते समय हैंड ब्रेक फ्री कर गाड़ी खड़ी करनी होगी और आगे व पीछे अपने नाम व नंबर के साथ अपना विजिटिंग कार्ड या लिखित में फोन नंबर छोड़ना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि यदि गाड़ी गलत तरीके से खड़ी पाई गई या निर्धारित स्थान पर ना खड़ी करके अन्य जगह खड़ी की गई तो ऐसे गाड़ी चालक के खिलाफ 500 से हजार रुपये तक जुर्माना वसूला जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी बताया कि दो पहिया वाहन भी बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे हैं, जिस कारण वहां खड़ा करने एवं निकालने में काफी दिक्कत हो रही है।