संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। तहसीलदार रेवाड़ी एवं नायब तहसीलदार की राजस्व अदालतें अब लघु सचिवालय में लगेंगी। सप्ताह में मंगलवार को सुबह 11 बजे से एक बजे तक और वीरवार को 2 बजे से 4 बजे तक यह अदालतें लगेंगी।
जिला लघु सचिवालय में जिला राजस्व अधिकारी की अदालत में यह न्यायालय मंगलवार व वीरवार को 2 दिन काम करेंगी। जिला न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ताओं की मांग थी कि उन्हें राजस्व न्यायालय की पेशी के लिए रेवाड़ी तहसील कार्यालय जाना पड़ता है जबकि उनका काम का जिला न्यायालय एवं लघु सचिवालय के पास ही निर्धारित है।
इसके लिए उन्हें अलग से तहसीलदार की कोर्ट में पेश होने के लिए कोनसीवास रोड स्थित तहसील कार्यालय में जाना पड़ रहा था। कई बार अधिकारी या दूसरे अधिवक्ताओं के न पहुंचने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र यादव, सहसचिव मोनू और कोषाध्यक्ष चिराग शर्मा ने बताया कि अधिवक्ता लंबे समय से लघु सचिवालय में राजस्व अदालत लगाने की मांग कर रहे थे। जिला निरीक्षक जज पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के समक्ष भी यह मांग रखी गई थी। अब तहसीलदार रेवाड़ी एवं नायब तहसीलदार की राजस्व अदालतें लघु सचिवालय में लगेंगी।