रेवाड़ी। जिलाधीश राहुल हुड्डा ने मतगणना के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा-144 लगाने और मतगणना क्षेत्र को रेड जोन घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। बता दें कि जैन पब्लिक स्कूल रेवाड़ी व राजकीय महिला महाविद्यालय में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।
जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों के तहत मतगणना केंद्रों के आस-पास के 200 मीटर क्षेत्र में 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। मतगणना केंद्रों के अंदर हथियार व अन्य ज्वलनशील सामग्री, मोबाइल व आइपेड, लैपटॉप व अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। ड्रोन नियम-2021 के तहत जिले में ड्रोन व ग्लाइडर का उपयोग करने व उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा।
मतगणना क्षेत्र को रेड जोन और मतगणना केंद्रों के 100 मीटर क्षेत्र को पैदल क्षेत्र घोषित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त आदेश पुलिस और अन्य सरकारी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी जो चुनाव ड्यूटी पर नियुक्त हैं, उन पर लागू नहीं होंगे। आदेशों की अवहेलना में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो भारतीय दण्ड प्रक्रिया संहिता 1860 की धारा 188 के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।