हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बावल व कोसली क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। बावल और कोसली के दो गांवों से चोर करीब 50 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव शाहपुर के रहने वाले बिरेंद्र सिंह ने कहा है कि वह खेतीबाड़ी करते हैं। रविवार की रात वह परिवार के साथ अपने भाई शमशेर के मकान में सो रहे थे। रात करीब दो बजे उनकी पत्नी सरला उठी तो कमरे का दरवाजा बाहर से रस्सी से बांधा हुआ था।
सरला ने बिरेंद्र को जगाया और धक्का देकर दरवाजा खोला। बाहर आने पर देखा कि अंदर कमरे का दरवाजा खुला पड़ा था और सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने चोरी की जानकारी अपने भाई शमशेर व भतीजे चमन को दी। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चोर घर से 45 हजार रुपये की नकदी, दो जोड़ी चांदी की पायल, सोने का लॉकेट, सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र व चेन चोरी कर ले गए। बावल थाना पुलिस ने बिरेंद्र सिंह की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
यह भी पढ़ें : दिवाली का तोहफा: मॉडल और आरोही स्कूलों को मिलेंगे 1800 शिक्षक, मंगलवार को होगा सेंटा टेस्ट
वहीं, दूसरी ओर कोसली के गांव परखोत्तमपुर में चोरों ने एक नेवी के सेवानिवृत्त जवान बलवंत राय के बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 15 हजार रुपये की नकदी और सोने की चेन व छह बोतल शराब की बोतल चुरा ले गए। जाटूसाना थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह मौजूदा समय में गुरुग्राम की निहाल कॉलोनी में रहते हैं।
गांव में स्थित मकान पर ताला लगाया हुआ था। करीब तीन महीने बाद सोमवार को वह गांव स्थित अपने घर पहुंचे तो खिड़की की जाली टूटी हुई थी। कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से करीब 15 हजार रुपये, सोने की एक चेन व छह बोतल शराब चोरी कर ले गए। पुलिस ने बलवंत राय की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
बावल थाना प्रभारी विद्यासागर ने बताया कि शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। उधर, जाटूसाना थाना प्रभारी जितेंद्र ने बताया कि सूचना मिलने के बाद घटना स्थल का मौका मुआयना किया गया। चोरी का मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।