जिले में वायरल व डेंगू बुखार जोर पकड़ रहा है। पिछले दो दिनों में डेंगू के मरीज 46 से 56 हो चुके हैं। वहीं डेंगू से दो लोगों की मौत होने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। इस वर्ष जिले में अच्छी बारिश होने की वजह से जगह-जगह पानी इकट्ठा होने के कारण डेंगू के केस बढ़े हैं। जिले में 2018 में 118, 2019 में 27, 2020 में 39 तो 2021 में अब तक 46 डेंगू के केस मिल चुके हैं। डेंगू की रोकथाम के लिए विभाग की ओर से दो लाख के करीब सैंपल लिए जा चुके हैं। 1222 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
बता दें कि जिले में सरकारी रिकॉर्ड में अभी तक 56 डेंगू के मरीजों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में ऐसे मरीज हैं, जिन्हें डेंगू होकर ठीक भी हो गए हैं, लेकिन उनका रिकॉर्ड में नाम दर्ज नहीं हुआ है। डेंगू एवं मलेरिया के नोडल अधिकारी डॉ. विजय प्रकाश ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए जिले में फॉगिंग व कीटनाशक का छिड़काव किया जाएगा। साथ ही लोगों को डेंगू से बचने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचने के लिए घर व आसपास साफ पानी इकट्ठा न होने दें। डेंगू के केस बढ़ने का मुख्य यही है कि लोग लापरवाही बरत रहे हैं।