रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने वीरवार की रात को बीमा अभिकर्ता (एजेंट) को लिफ्ट देकर पिस्तौल के बल पर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। इसके उन्होंने पीड़ित के हाथ-पैर बांध कर खेत में फेंककर भाग गए। हालांकि बाद में उधर से गुजर रहे बाइक सवार की मदद से वह बंधन मुक्त हुए। इसके बाद वह कसौला थाना में पहुंच कर पुलिस को वारदात की सूचना दी। इस पर धारूहेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के जिला अलवर के गांव माजरा निवासी संजीव कुमार ने बताया कि वह भिवाड़ी में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के एजेंट हैं। वीरवार की रात को करीब सवा 12 बजे वह नीमराणा जाने के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे पर धारूहेड़ा पुल के पास किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच दिल्ली की ओर से एक सेंट्रो कार आकर रुकी। कार में तीन युवक पहले से बैठे हुए थे। अभिकर्ता के कहने पर युवकों ने उन्हें नीमराणा तक जाने के लिए अपनी कार में लिफ्ट दे दी। कसौला चौक पर पहुंचे तो युवकों ने कार को कोटकासिम की तरफ मोड़ दिया। उन्होंने कोटकासिम की तरफ कार मोड़ने का कारण पूछा तो बताया कि एक साथी को छोड़कर वापस आ जाएंगे। कसौला बूस्टिंग स्टेशन के निकट युवकों ने कार कच्चे रास्ते में उतार कर रोक दी। आगे बैठा एक युवक उतर कर पीछे आकर बैठ गया और पिस्तौल निकालकर उन पर तान दी। युवकों ने उनकी आंखों पर पट्टी और रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद युवकों ने उनसे डेबिट व क्रेडिट कार्ड छीन लिए। युवकों ने पिस्तौल कनपटी पर लगाकर कार्ड के पिन पूछ लिए और बनीपुर चौक से बावल चौक ले गए, जहां एटीएम से रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बताया कि युवकों ने उनके क्रेडिट कार्ड से रुपये भी ट्रांसफर कर लिए। इस दौरान छह कुल डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। इसके लुटेरों ने उसे औद्योगिक क्षेत्र में छोड़कर भाग गए। रात को एक मोटरसाइकिल चालक ने उन्हें पड़ा देखकर बंधन मुक्त किया और कसौला थाने में छोड़ दिया। सूचना के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया। जांच अधिकारी एसआई पवन कुमार ने बताया कि धारूहेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोट
आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- मोहम्मद जमाल, डीएसपी।