रेवाड़ी। गांव मालियाकी स्थित एक घर में शुक्रवार की रात बिजली कट के कारण बदमाश चोरी नहीं कर सके। घर में सो रहे परिवार के सदस्यों की नींद खुल गई। इस पर उन्हें भागना पड़ा। शोर मचने पर ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा कर लिया, जिस पर उन्होंने फायरिंग कर दी। सूचना के बाद रोहडाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उनका पता नहीं लग पाया।
गांव मालियाकी निवासी महेश शुक्रवार की रात को परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे बिजली चली गई और महेश की नींद खुल गई। उन्होंने कमरा खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा बाहर से बंद था। वह दूसरे दरवाजे से बाहर आए तो घर का मेनगेट खुला हुआ था। उन्होंने मोबाइल पर कॉल कर अपने भाई मनोज कुमार को गेट खुला होने के बारे में बताया। मनोज भी उठकर बाहर आ गए। अंदर देखा तो तीन युवक घर के एक कमरे में घुस हुए थे। मनोज और महेश ने शोर मचाया और तीनों युवक निकल कर खेतों की तरफ भागने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और बदमाशों का पीछा शुरू किया। पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने महेश की शिकायत पर चोरी के प्रयास, फायरिंग करने व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।