रेवाड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं डीसी अशोक कुमार गर्ग ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाना हम सभी का नैतिक दायित्व है। स्वतंत्र, निर्भीक एवं निष्पक्ष चुनाव कराना ही नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य है। वह बुधवार को पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर संबंधित नोडल अधिकारियों व सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिले में होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव को शांतिपूर्ण, पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारी व सहायक नोडल अधिकारी तैनात किए हैं, जो चुनाव से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाएं देखेंगे व पल-पल की चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। उन्होंने बताया कि एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों के लिए नोडल अधिकारी व ओवरऑल इंचार्ज होंगे तथा समस्त कार्रवाई अपनी देखरेख में कराएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने कहा कि चुनाव ड्यूटी बहुत ही संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्य है। पंचायत चुनाव में ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी ईमानदारी, मेहनत व निष्ठा से चुनाव संपन्न कराने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाते हुए अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि पंचायत चुनाव में ड्यूटी में कोताही व लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन तथा जिला में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल, एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह, एसडीएम बावल संजीव कुमार, एसडीएम कोसली जयप्रकाश, सीटीएम देवेंद्र शर्मा, डीडीपीओ एचपी बंसल, डीआरओ राकेश कुमार, तहसीलदार रेवाड़ी प्रदीप देशवाल, जीएम रोडवेज रेवाड़ी रवीश हुड्डा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
अधिकारी अच्छी तरह से पढ़ लें चुनाव हैंडबुक
डीसी ने कहा कि जिला में जिला परिषद सदस्यों व पंचायत समिति सदस्यों के लिए 9 नवंबर तथा सरपंच व पंच पद के लिए 12 नवंबर को प्रात: 7 बजे से लेकर सायं 6 बजे तक मतदान होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की दृढ़ता से पालना करवाना सुनिश्चित करें।
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथ पर रहेगी पुलिस प्रशासन की पैनी नजर : एसपी
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार ने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथ पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि पंचायत चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ईवीएम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी पुलिस की रहेगी। इन बूथ पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी और गांवों में पुलिस गश्त को बढ़ाया जाएगा।