दिल्ली में आयोजित हरियाणा कांग्रेस के कोर ग्रुप की अहम बैठक में रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। बैठक में तय किया गया कि पार्टी दोनों निकायों में चेयरमैन और पार्षद पद के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। इस फैसले को संगठन को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर पार्टी की पकड़ बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
सिंबल पर चुनाव लड़ने का फैसला कांग्रेस ने इस बार स्पष्ट रणनीति अपनाते हुए निकाय चुनावों में अपने अधिकृत प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है। अब तक कई बार स्थानीय स्तर पर निर्दलीय या अप्रत्यक्ष समर्थन की स्थिति रही थी लेकिन इस बार पार्टी सीधे तौर पर चुनाव मैदान में उतरेगी। इससे कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।
उम्मीदवारों के नामों पर मंथन
बैठक में रेवाड़ी नगर परिषद के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। जिन प्रमुख नामों पर विचार किया गया उनमें कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी की पत्नी निहारिका चौधरी, पूर्व मंत्री शकुंतला भगवाड़िया की बेटी नीलम भगवाड़िया, नगर परिषद की पूर्व चेयरपर्सन शकुंतला भांडोरिया और रेखा दहिया शामिल हैं। सभी नामों को लेकर संगठन स्तर पर फीडबैक लिया गया।
निहारिका चौधरी के नाम पर मुहर लगने की संभावना
निहारिका चौधरी को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। अगर अंतिम समय में कोई बड़ा फेरबदल नहीं होता है तो उनके नाम पर मुहर लगने की संभावना है। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका के लिए राज कुमारी को दावेदार माना जा रहा है।
जल्द हो सकती है घोषणा
बैठक के बाद यह संकेत मिले हैं कि कांग्रेस अगले दो दिनों के भीतर अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर सकती है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि समय रहते उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर प्रचार अभियान तेज किया जाए।
चुनाव समिति ये हैं शामिल
कांग्रेस ने रेवाड़ी नगर परिषद व धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव को लेकर एक चुनाव समिति का गठन किया है। समिति में कैप्टन अजय सिंह यादव, चिरंजीव राव, प्रवीण चौधरी और सुभाष चंद शामिल हैं।